
हरिद्वार:(चीफ एडिटर) भारत के अग्रणी सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) में निदेशक (मानव संसाधन) के पद पर एम. श्रीधर ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है।57 वर्षीय श्रीधर इससे पूर्व कॉर्पोरेट कार्यालय नई दिल्ली में कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) के रूप में कार्यरत थे। इस दौरान उन्होंने कॉर्पोरेट एचआर कार्यों का नेतृत्व करते हुए कंपनी की मानव संसाधन नीतियों और रणनीतिक कार्मिक पहलों को नई दिशा दी।
“36 साल का लंबा अनुभव”
श्रीधर ने 1990 में अभियंता प्रशिक्षु के रूप में बीएचईएल में अपने करियर की शुरुआत की थी। उन्हें विनिर्माण, वाणिज्यिक परिचालन, परियोजना निष्पादन, औद्योगिक संबंध और मानव संसाधन प्रबंधन के क्षेत्र में 36 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव है। अपने कार्यकाल में वे हैदराबाद इकाई और कॉर्पोरेट कार्यालय में स्टीम टर्बाइन, गैस टर्बाइन, कंप्रेसर निर्माण, संविदा प्रबंधन और औद्योगिक संबंध जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं।शैक्षणिक पृष्ठभूमि की बात करें तो श्रीधर ने सीबीआईटी, उस्मानिया विश्वविद्यालय हैदराबाद से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक, जेएनटीयू हैदराबाद से सीएडी/सीएएम में एम.टेक और देश के प्रतिष्ठित संस्थान एक्सएलआरआई जमशेदपुर से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में पीजीडीएम किया है।
कॉर्पोरेट कार्यालय में उन्होंने मानव संसाधन नीतियों के निर्माण, निष्पादन प्रबंधन प्रणाली को मजबूत करने और संगठनात्मक लक्ष्यों के अनुरूप एचआर पहलों को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है।

