Site icon Bhagwa Sanatan Times

बिजली कनेक्शन से राशन कार्ड तक: हरिद्वार में DM के सामने गूंजी जनता की समस्याएं 

हरिद्वार:(जीशान मलिक) जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जन सुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 65 समस्याएं/शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 32 समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को भेजा गया।

“राजस्व, बिजली, पानी, अतिक्रमण से जुड़ी शिकायतें”  

जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जल भराव, पेयजल, राशन कार्ड आदि से जुड़ी समस्याएं सामने आईं। लालढांग के ग्राम प्रधान सुनील सिंह बिष्ट ने नलकूप के लिए सिंचाई विभाग से एनओसी दिलाने, देवभूमि पूर्व सैनिक कल्याण समिति ने मिलन केंद्र बनवाने, शैलेन्द्र कुमार ने पानी के नए कनेक्शन, योगेंद्र कुमार ने सजरा रकबा दुरुस्तीकरण का प्रार्थना पत्र दिया।कालूराम लक्सर ने 8 महीने पहले जमा शुल्क के बावजूद बिजली कनेक्शन न मिलने, मांगेराम ने राशन कार्ड में बच्चों के नाम जुड़वाने, राजकुमार व सुरेंद्र कुमार ने भूमि का रकबा पूरा कराने, विमला रावत ने भूमि की पैमाइश कराने की मांग की। ग्राम रावली महदूद के ग्रामीणों ने अंबेडकर भवन पर अवैध कब्जा हटवाने और कपिल कुमार गोयल ने बाण गंगा तट पर अवैध निर्माण व गंदा पानी रोकने का प्रार्थना पत्र दिया। 

DM मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में दर्ज समस्याओं का त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण करें। लापरवाही बरतने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई होगी। स्थलीय निरीक्षण वाली शिकायतों में आपसी समन्वय से समाधान के निर्देश दिए।बैठक में CM हेल्पलाइन की समीक्षा भी हुई। L1 पर 583 और L2 पर 171 शिकायतें 36 दिन से अधिक समय से लंबित हैं। DM ने सभी शिकायतों का संवेदनशीलता से निस्तारण करने और शिकायतकर्ता से फोन पर वार्ता करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस मौके पर CDO डॉ. ललित नारायण मिश्र, ADM जितेंद्र कुमार, SDM योगेश मेहरा समेत सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version