Site icon Bhagwa Sanatan Times

“फिर खून से सना कांगड़ी फ्लाईओवर, आमने-सामने की टक्कर में परिवार उजड़ा”

हरिद्वार:(जीशान मलिक) कांगड़ी का फ्लाईओवर एक बार फिर मौत का सबब बन गया। बुधवार दोपहर तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही चली गई जान। हादसे में उसकी पत्नी और ढाई साल की मासूम बेटी भी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

मिली जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 12.30 बजे नजीबाबाद की ओर से आ रही एक कार और हरिद्वार से नजीबाबाद जा रही बाइक कांगड़ी फ्लाईओवर पर सीधी टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर खून ही खून फैल गया। राहगीरों की सूचना पर कोतवाली श्यामपुर पुलिस और 108 एंबुलेंस तुरंत मौके पर पहुंची।

पुलिस ने घायल अवस्था में बाइक सवार सराय ज्वालापुर निवासी मुनीर पुत्र आशिक उम्र 28 वर्ष, उसकी पत्नी इकरा उम्र 21 वर्ष और दो वर्षीय बेटी अहनिया को जिला अस्पताल भिजवाया जहां डॉक्टरों ने मुनीर को मृत घोषित कर दिया, जबकि इकरा और अहनिया का उपचार चल रहा है।

कोतवाली श्यामपुर प्रभारी एसओ नितेश शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार नजीबाबाद से हरिद्वार आ रही थी। फ्लाईओवर पर मोड़ के पास दोनों की टक्कर हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version