Site icon Bhagwa Sanatan Times

पौड़ी में आपदा प्रभावित 336 कार्यों के लिए 6.51 करोड़ स्वीकृत

पौड़ी:(जीशान मलिक) जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने आपदा से क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों की मरम्मत और पुनर्निर्माण के लिए 6 करोड़ 51 लाख 8 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में राज्य आपदा मोचन निधि और आपदा न्यूनीकरण निधि के तहत कुल 336 कार्यों को मंजूरी दी गई है।स्वीकृत धनराशि में राज्य आपदा मोचन निधि के तहत 307 कार्यों के लिए 4 करोड़ 71 लाख 63 हजार रुपये और आपदा न्यूनीकरण निधि के तहत 29 कार्यों के लिए 1 करोड़ 79 लाख 45 हजार रुपये शामिल हैं।

विभागवार स्वीकृति में पेयजल निगम कोटद्वार के 13 कार्यों के लिए 21.49 लाख, पेयजल निगम श्रीनगर के 6 कार्यों के लिए 9.79 लाख और पेयजल निगम पौड़ी के 3 कार्यों के लिए 4.50 लाख रुपये दिए गए हैं। सिंचाई खंड दुगड्डा के 106 कार्यों के लिए 1.72 करोड़ और सिंचाई खंड श्रीनगर के 18 कार्यों के लिए 28.80 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। जल संस्थान कोटद्वार के 45 कार्यों के लिए 64.80 लाख और जल संस्थान पौड़ी के एक कार्य के लिए 1.60 लाख रुपये मिले हैं।लोक निर्माण विभाग के तहत निर्माण खंड पौड़ी के 3 कार्यों के लिए 13.10 लाख, निर्माण खंड श्रीनगर के 4 कार्यों के लिए 14.80 लाख, निर्माण खंड लैंसडौन के 4 कार्यों के लिए 37 लाख और निर्माण खंड दुगड्डा के एक कार्य के लिए 12 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। प्रांतीय खंड पौड़ी के 10 कार्यों के लिए 46.60 लाख, प्रांतीय खंड लैंसडौन के एक कार्य के लिए 9 लाख, पीएमजीएसवाई बैजरो और पीएमजीएसवाई श्रीनगर के एक-एक कार्य के लिए क्रमशः 14 लाख और 10 लाख रुपये दिए गए हैं।

इसके अलावा द्वारीखाल, यमकेश्वर, एकेश्वर, पोखड़ा, पौड़ी और बीरोंखाल विकासखंड के कुल 119 कार्यों के लिए 1 करोड़ 91 लाख 60 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है।जिलाधिकारी ने कहा कि इन कार्यों के पूरा होने से आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल, सिंचाई, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाएं बेहतर होंगी। क्षतिग्रस्त सार्वजनिक परिसंपत्तियां फिर से उपयोग योग्य बनेंगी और भविष्य में आपदा के प्रभाव को कम करने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि आपदा के दौरान प्रभावित परिवारों को व्यक्तिगत क्षति का आकलन कर नियमानुसार तत्काल मुआवजा भी दिया जा रहा है।

Exit mobile version