Site icon Bhagwa Sanatan Times

पिरान कलियर में 23 मोहर्रम को हजरत गरीब शाह साबरी के पीरो-मुर्शिद का उर्स, चादरपोशी में उमड़ी भारी भीड़

पिरान कलियर:(जीशान मलिक) 23 मोहर्रम को पिरान कलियर में हजरत बाबा गरीब शाह साबरी के पीरो-मुर्शिद हजरत ख्वाजा गुलाम मोइनुद्दीन हसन गोरी सखी रहीमुद्दीन सरकार के उर्स शरीफ का आयोजन बड़ी अकीदत के साथ किया गया। हर साल की तरह इस बार भी मदरसा गुलज़ारे फरीद से चादरपोशी का जुलूस निकाला गया।सज्जादा नशीन हजरत बाबा रमजान साबरी के नेतृत्व में निकले चादर जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने शिरकत की। जुलूस मदरसा गुलज़ारे फरीद से शुरू होकर सबसे पहले हजरत इमाम मोहम्मद अबू सालेह रहमतुल्ला अलेय की दरगाह पहुंचा, वहां चादर पेश की गई। इसके बाद जुलूस हजरत मखदूम अलाउद्दीन अली अहमद साबिर पाक रहमतुल्ला अलेय की दरगाह पहुंचा जहां चादरपोशी की गई।

पूरे रास्ते अकीदतमंद नात, मनकबत और दरूद-ओ-सलाम पढ़ते हुए चले। जगह-जगह लोगों ने जुलूस का फूलों से स्वागत किया और शरबत व लंगर का इंतजाम किया।दरगाह पर फातिहा, कुरआनख्वानी और विशेष दुआ का आयोजन हुआ। इसमें मुल्क की तरक्की, अमन, भाईचारे और इंसानियत की भलाई के लिए दुआ मांगी गई। दूर-दराज से आए जायरीनों के लिए कमेटी की ओर से लंगर और अन्य व्यवस्थाएं की गईं।

सज्जादा नशीन बाबा रमजान साबरी ने कहा कि सूफी संतों की शिक्षाएं प्रेम, सेवा और आपसी सौहार्द का संदेश देती हैं। उन्होंने लोगों से संतों के बताए रास्ते पर चलकर समाज में भाईचारा बनाए रखने की अपील की।कार्यक्रम का समापन सामूहिक दुआ और लंगर वितरण के साथ हुआ। इस दौरान मोहसीन अली, गुलाम फरीद साबरी, मुदस्सिर हुसैन साबरी, राव इरफान खां, सूफी मोहम्मद आरिफ साबरी, तसलीम मलिक, सलमान आदि सहित बड़ी संख्या में अकीदतमंद और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Exit mobile version