Site icon Bhagwa Sanatan Times

पिरान कलियर: दरगाह प्रबंधन ने 3 कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया, अवैध समिति पंजीकरण का आरोप

पिरान कलियर:(जीशान मलिक) पिरान कलियर स्थित विश्व प्रसिद्ध दरगाह हजरत साबिर पाक के प्रबंधन ने दरगाह में तैनात तीन कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उन पर बिना अनुमति के दरगाह के नाम से समिति का पंजीकरण कराने का आरोप है।तहसीलदार एवं दरगाह प्रबंधक विकास अवस्थी की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि दरगाह में तैनात सलीम अहमद, मुनीश अहमद और गुलाम दस्तगीर ने “अंजुमन-ए-खुद्दाम-ए-आस्ताना साबिर पाक” के नाम से समिति/यूनियन का पंजीकरण कराया है।

नोटिस के अनुसार इस समिति में सलीम अहमद को अध्यक्ष, मुनीश अहमद को उपाध्यक्ष और गुलाम दस्तगीर को सचिव बनाया गया है। प्रबंधन ने तीनों से पूछा है कि समिति का पंजीकरण कराने से पहले क्या उन्होंने दरगाह प्रबंधन या किसी सक्षम अधिकारी से अनुमति ली थी? साथ ही दरगाह “साबिर पाक” के नाम का इस्तेमाल करने की मंजूरी किससे ली गई थी?

तहसीलदार विकास अवस्थी ने नोटिस में कहा कि इस तरह दरगाह के नाम का इस्तेमाल करने से प्रबंधन को आर्थिक नुकसान होने की आशंका है। तीनों कर्मचारी दरगाह में अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं, इसलिए इस कथित कार्य से दरगाह की छवि पर भी असर पड़ सकता है।दरगाह प्रबंधन ने तीनों कर्मचारियों से अलग-अलग तीन दिन के भीतर लिखित स्पष्टीकरण मांगा है। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि यदि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version