देहरादून:(जीशान मलिक) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं के तहत 4400 से अधिक श्रमिकों के खातों में DBT के जरिए करीब 11 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए।मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में CM धामी ने एक क्लिक पर विवाह उपरांत सहायता, मृत्यु उपरांत अनुदान, प्रसूति सुविधा और शिक्षा सहायता योजनाओं के लाभार्थियों को राशि भेजी।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने श्रम विभाग को निर्देश दिए कि योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार हो। अलग-अलग क्षेत्रों में कैंप लगाकर ज्यादा से ज्यादा पात्र श्रमिकों को जोड़ा जाए। CM ने कहा कि श्रमिकों के कार्यस्थल के पास ही जरूरी सामग्री बांटी जाए ताकि उन्हें भटकना न पड़े।मुख्यमंत्री ने श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण, बच्चों की शिक्षा को बढ़ावा देने और जीवनोपयोगी सामग्री बांटने के लिए विशेष शिविर लगाने को कहा। उन्होंने IT का इस्तेमाल बढ़ाकर सभी योजनाओं में पूरी पारदर्शिता रखने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि लाभ सिर्फ पात्र श्रमिकों को ही मिले।
बोर्ड ने जानकारी दी कि पिछले एक साल में 24,323 श्रमिकों को 93.06 करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है।कार्यक्रम में राज्य सलाहकार कैलाश पंत, सतर्कता समिति अध्यक्ष गीता रावत, उपाध्यक्ष मोहिनी पोखरिया, अपर सचिव विनीत कुमार, उप श्रम आयुक्त विपिन कुमार, सहायक श्रम आयुक्त शैलेश सती, तकनीकी विशेषज्ञ दुर्गा चमोली मौजूद रहे। संचालन श्रम आयुक्त प्रकाश चंद्र दुम्का ने किया।

