Site icon Bhagwa Sanatan Times

पहली बार शुरू की गई पांच मोबाइल मेडिकल यूनिटों से कांवड़ मार्ग पर मिल रही त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं

हरिद्वार:(जीशान मलिक) कांवड़ मेला-2026 के दौरान शिवभक्तों को त्वरित एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा पहली बार शुरू की गई मेडिकल मोबाइल यूनिट (एमएमयू) व्यवस्था प्रभावी साबित हो रही है। कांवड़ मार्ग पर तैनात पांच मोबाइल मेडिकल यूनिटों के माध्यम से अब तक करीब सात हजार कांवड़ यात्रियों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार और चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा चुकी है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने बताया कि इस वर्ष पहली बार पांच मेडिकल मोबाइल यूनिट संचालित की गई हैं। इन्हें मंगलौर, बहादराबाद टोल प्लाजा, शंकराचार्य चौक (होटल प्रमिला), अलकनंदा होटल तथा हाईवे स्थित 4XO प्वाइंट पर तैनात किया गया है। इन यूनिटों में प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे यात्रा के दौरान अस्वस्थ होने वाले श्रद्धालुओं को तत्काल उपचार मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक मेडिकल मोबाइल यूनिट में चिकित्सक, फार्मासिस्ट, लैब तकनीशियन और नर्सिंग स्टाफ सहित लगभग पांच सदस्यीय टीम तैनात है। यूनिटों में प्राथमिक उपचार, आवश्यक दवाइयां, ऑक्सीजन, स्ट्रेचर तथा सामान्य स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध है। गंभीर मरीजों को तत्काल उच्च चिकित्सा केंद्रों के लिए रेफर करने की भी व्यवस्था की गई है।सीएमओ ने बताया कि कांवड़ मेले के स्वास्थ्य नोडल अधिकारी डॉ. राजेश गुप्ता द्वारा मेडिकल मोबाइल यूनिटों की नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी श्रद्धालु को उपचार के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कांवड़ यात्रियों से यात्रा के दौरान पर्याप्त पानी पीने, अत्यधिक थकान होने पर विश्राम करने तथा किसी भी स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर निकटतम मेडिकल मोबाइल यूनिट या स्वास्थ्य शिविर से तुरंत संपर्क करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समय पर उपचार सुरक्षित एवं सफल कांवड़ यात्रा की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है और स्वास्थ्य विभाग श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Exit mobile version