Site icon Bhagwa Sanatan Times

पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम् भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक शिक्षा का सशक्त केंद्र बनेगा: मुख्यमंत्री धामी

हरिद्वार:(जीशान मलिक) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को ग्राम औरंगाबाद स्थित पतंजलि वेलनेस योगग्राम में देश के प्रथम पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम् का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने योगगुरु स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण और पतंजलि परिवार को बधाई दी।मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार सनातन आस्था और संस्कृति का केंद्र है। यहां गुरुकुलम् का शुभारंभ प्राचीन ज्ञान परंपरा को आधुनिक युग से जोड़ने की महत्वपूर्ण पहल है। भारत की गुरुकुल परंपरा हजारों साल से ज्ञान, संस्कार और चरित्र निर्माण का आधार रही है। पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम् में आधुनिक विज्ञान के साथ योग, आयुर्वेद और भारतीय जीवन मूल्यों का समन्वय विद्यार्थियों को जड़ों से जोड़ते हुए भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करेगा।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में कौशल, नवाचार और भारतीय ज्ञान परंपरा पर जोर दिया गया है, जिसे उत्तराखंड प्रभावी रूप से लागू कर रहा है। स्वामी रामदेव ने योग को जन-जन तक पहुंचाया है, वहीं आचार्य बालकृष्ण ने आयुर्वेद के शोध और प्रसार में उल्लेखनीय कार्य किया है।मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य में विज्ञान और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी विकसित की जा रही है। पारदर्शी भर्ती के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है और पिछले पांच वर्षों में करीब 35 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। राज्य को योग, आयुर्वेद और अध्यात्म के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिसमें ऐसे संस्थान अहम भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम में आचार्य बालकृष्ण, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, विधायक आदेश चौहान, विधायक रवि बहादुर, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, डॉ. मधु सिंह, राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि, आदेश सैनी, मेयर अनीता अग्रवाल, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Exit mobile version