पिरान कलियर:(जीशान मलिक) थाना कलियर पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत संदिग्ध अपराधियों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के 2 ट्रैक्टर बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 5.50 लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों ने 2024 में कलियर से और 2 महीने पहले पंजाब के नारायणगढ़ से ट्रैक्टर चोरी की वारदात कबूली है।एसएसपी हरिद्वार के आदेश पर चल रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत 9 जून 2026 को कलियर पुलिस दरियापुर मोड़ पर चेकिंग कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर अजय कुमार, अभिषेक कुमार व अंकुश को 2 चोरी के ट्रैक्टरों के साथ धर दबोचा।
बरामद ट्रैक्टर:
1. महिंद्रा 575, नंबर UK 17 R 7322: यह ट्रैक्टर 16 मई 2024 को मुकर्रबपुर निवासी शफ्फकत का कलियर से चोरी हुआ था। इस मामले में थाना कलियर में मु0अ0सं0 203/2024 धारा 379 IPC दर्ज था। कीमत करीब 3 लाख।
2. स्वराज 855, बिना नंबर, लाल रंग: इसे आरोपियों ने 2 महीने पहले नारायणगढ़, संगरूर, पंजाब से चोरी किया था। कीमत करीब 2.50 लाख।
वादी शफ्फकत ने 16 मई 2024 को ट्रैक्टर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। काफी प्रयास के बाद भी आरोपी नहीं पकड़े जाने पर 9 जनवरी 2025 को पुलिस ने अंतिम रिपोर्ट कोर्ट भेज दी थी। लेकिन कलियर पुलिस लगातार प्रयास करती रही और आखिरकार 2 साल बाद ट्रैक्टर बरामद कर लिया।आरोपियों ने बताया कि उन्होंने चौथे साथी हैप्पी निवासी खजूरी, देवबंद के साथ मिलकर 16 मई 2024 की रात कलियर से ट्रैक्टर चुराया था। पंजाब वाला ट्रैक्टर 2 महीने पहले चुराया। चोरी के बाद ट्रैक्टरों की नंबर प्लेट निकालकर उन्हें देहात में मिट्टी ढोने और मजदूरी के काम में लगा देते थे, ताकि हाईवे चेकिंग से बच सकें। दोस्ती के चक्कर और ज्यादा पैसा कमाने के लालच में वाहन चोरी करने लगे।
“गिरफ्तार आरोपी”
1. अजय कुमार पुत्र चंद्रपाल, 33 वर्ष, निवासी लिब्बरहेड़ी, मंगलौर
2. अभिषेक कुमार पुत्र पुरुषोत्तम, 21 वर्ष, निवासी भलसुआ गाज, झबरेड़ा
3. अंकुश पुत्र हंसराज, 20 वर्ष, निवासी फखरहेड़ी, झबरेड़ा
पुलिस ने मुकदमे में धारा 411/34 भादवि व 41/102 सीआरपीसी की बढ़ोतरी की है। फरार चौथे आरोपी हैप्पी की तलाश में टीम गठित की गई है। तीनों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।
“पुलिस टीम में शामिल”
इस सफलता में प्रभारी पुलिस उपाधीक्षक दिव्येश उपाध्याय, व0उ0नि0 राजेश बिष्ट, उ0नि0 विनोद कुमार गोला, कांस्टेबल अनंत राम, फुरकान अहमद और भूपेन्द्र सिंह शामिल रहे।

