Site icon Bhagwa Sanatan Times

धनौरी में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन, छात्र-छात्राओं को दी कानून और साइबर अपराध से बचाव की जानकारी

धनौरी:(चीफ एडिटर) स्थायी लोक अदालत हरिद्वार व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार के संयुक्त तत्वावधान में हरिओम सरस्वती पीजी कॉलेज धनौरी के सभागार में विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में अध्यक्ष, स्थायी लोक अदालत हरिद्वार न्यायाधीश (उच्चतर न्यायिक सेवा) नीतू जोशी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ अधिवक्ता सुप्रीम कोर्ट व डिप्टी एडवोकेट जनरल उत्तराखंड सरकार डॉ. अजयवीर पुंडीर उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में डिप्टी एलएडीसी रमन कुमार सैनी ने छात्र-छात्राओं को कानून की सामान्य जानकारी दी और साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 तथा नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी भी दी। साथ ही विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर अपने विचार व्यक्त किए।वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. अजयवीर पुंडीर ने बताया कि नालसा द्वारा समय-समय पर राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाता है, जिसमें सुलह-समझौते के आधार पर वादों का निस्तारण होता है। ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे शिविरों से आम जनता को कानूनी प्रक्रिया की जानकारी मिलती है।

मुख्य अतिथि नीतू जोशी ने स्थायी लोक अदालत की कार्यप्रणाली पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि लोक उपयोगी सेवाओं से संबंधित 1 करोड़ रुपये तक के मामले, जैसे- यातायात, डाक-तार-टेलीफोन, बिजली-पानी, सफाई, अस्पताल, बीमा, बैंकिंग, शिक्षा और आवास से जुड़े मामले स्थायी लोक अदालत में दायर किए जा सकते हैं, बशर्ते वह मामला पहले से किसी न्यायालय में लंबित न हो। उन्होंने बताया कि अब पक्षकारों के निवेदन पर वीसी के माध्यम से सुनवाई और ईमेल से वाद दायर करने की सुविधा भी उपलब्ध है। उन्होंने छात्रों को संविधान में प्रदत्त मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में भी जागरूक किया।

इस अवसर पर कॉलेज प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हर्ष सैनी ने कहा कि ऐसे शिविरों से छात्र-छात्राओं को नई ऊर्जा व प्रेरणा मिलती है। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. योगेश कुमार योगी ने सभी अतिथियों का स्वागत कर आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं व शिक्षकगण उपस्थित रहे।

Exit mobile version