हरिद्वार:(जीशान मलिक)देवभूमि में कल हजारों युवाओं के डॉक्टर बनने का सपना परवान चढ़ेगा। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी NTA द्वारा आयोजित NEET-UG 2026 परीक्षा रविवार 3 मई 2026 को हरिद्वार के दो प्रतिष्ठित विद्यालयों में संपन्न होगी। परीक्षा को पूरी तरह नकल विहीन और पारदर्शी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है।
उप जिला मजिस्ट्रेट हरिद्वार जितेंद्र कुमार ने दोनों परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 लागू कर दी है। साफ शब्दों में कहें तो ज्वालापुर और मायापुर के दोनों स्कूल कल छावनी में तब्दील रहेंगे।
इन दो मंदिरों में होगी परीक्षा
1. केंद्र कोड-4505102:पी.एम. श्री गवर्नमेंट गर्ल्स इंटर कॉलेज, ज्वालापुर
2. केंद्र कोड-4505104: पन्नालाल भल्ला म्यू. इंटर कॉलेज, मायापुर, हरिद्वार
परीक्षा का समय दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक रहेगा।
SDM जितेंद्र कुमार ने स्पष्ट किया है कि देवभूमि में नकल के कारोबार को किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके लिए धारा 163 के तहत ये सख्त पाबंदियां लगाई गई हैं:
1. भीड़ पर रोक: केंद्र के 200 मीटर में DM या ADM की अनुमति के बिना 5 या 5 से अधिक व्यक्ति एक साथ नहीं खड़े हो सकेंगे। कोई सभा, जुलूस या धरना-प्रदर्शन नहीं होगा। यानी जय श्री राम के नारे लगाने के लिए भी 5 लोग एक साथ नहीं जुट सकेंगे।
2. शोर-शराबा बैन: लाउडस्पीकर, डीजे या किसी भी तरह का ध्वनि प्रदूषण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा में विघ्न डालने की कोशिश करने वालों की खैर नहीं।
3. हथियारों पर रोक:लाठी, डंडा, चाकू, तलवार, भाला, बंदूक, पिस्टल, तेजाब, पेट्रोल जैसे किसी भी खतरनाक हथियार या विस्फोटक के साथ 200 मीटर में घुसना मना है।
4. नो एंट्री जोन:पुलिस और ड्यूटी पर तैनात अधिकारी-कर्मचारी के अलावा किसी भी बाहरी व्यक्ति का 200 मीटर की परिधि में प्रवेश वर्जित है। अभिभावकों को भी दूर ही रुकना होगा।
5. परीक्षार्थियों के लिए नियम: केंद्र परिसर में कोई भी पाठ्य सामग्री, नोट्स, मोबाइल फोन, पेजर, स्मार्ट वॉच या इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाना सख्त मना है। पकड़े जाने पर सीधे परीक्षा से बाहर।
SDM ने चेतावनी दी है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 के तहत कठोर कार्रवाई होगी। प्रशासन ने सभी NEET अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से 1 घंटा पहले केंद्र पर पहुंचें। प्रवेश पत्र, आधार कार्ड और पासपोर्ट साइज फोटो के अलावा कुछ भी साथ न लाएं। अफवाहों से बचें और मेहनत पर भरोसा रखें।
