हरिद्वार:(जीशान मलिक) दीपावली पर्व को देखते हुए जिला प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है।जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मंगलवार को सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरि के नेतृत्व में कनखल के झंडा चौक क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने सड़क और फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया।
प्रशासन का कहना है कि दीपावली पर बाजारों में भीड़ बढ़ने से यातायात व्यवस्था बाधित न हो, इसके लिए यह कार्रवाई की जा रही है। सार्वजनिक सड़कों और फुटपाथों पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दीपावली तक प्रमुख बाजारों और मार्गों पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।


