
देहरादून:(जीशान मलिक) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अपना जन्म दिवस देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान में दिव्यांग बच्चों के बीच मनाया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के साथ केक काटा और आत्मीयता के साथ उनसे मुलाकात कर जन्मदिन की खुशियां साझा कीं।
मुख्यमंत्री धामी को अपने बीच पाकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। सीएम धामी ने बच्चों के बीच जाकर उनसे संवाद किया, उनका उत्साहवर्धन किया और उनके साथ कुछ समय बिताया। इस दौरान पूरा माहौल स्नेह और अपनत्व से भरा रहा।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के बीच बिताया गया समय जीवन को नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है। हर बच्चे में अपार प्रतिभा होती है, बस उन्हें अवसर और विश्वास देने की जरूरत है। दिव्यांगजनों का सशक्तिकरण सिर्फ सरकार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है।
उन्होंने बच्चों को संदेश दिया कि दृढ़ इच्छाशक्ति और आत्मविश्वास से हर चुनौती को पार किया जा सकता है। बच्चों के चेहरे की मुस्कान और उनका स्नेह ही उनके लिए सबसे बड़ा जन्मदिन का तोहफा है।इस मौके पर उनकी पत्नी गीता धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और संस्थान के शिक्षक व स्टाफ मौजूद रहे।

