Site icon Bhagwa Sanatan Times

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से उत्तराखंड को मिलेगी नई रफ्तार, विकास को मिलेगा विस्तार — त्रिवेंद्र

देहरादून:(भगवा सनातन टाइम्स संवाददाता)कल 14 अप्रैल, बैसाखी और भारत रत्न, संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देवभूमि उत्तराखंड आगमन प्रस्तावित है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री द्वारा दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे को राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा, जो उत्तराखंड राज्य के विकास इतिहास में एक महत्वपूर्ण एवं मील का पत्थर सिद्ध होगा।

हरिद्वार सांसद एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन एवं दूरदर्शी नेतृत्व में देश के कोने-कोने में उच्च गुणवत्ता युक्त सड़कों का सुदृढ़ नेटवर्क विकसित हुआ है, जिससे भारत की आधारभूत संरचना को अभूतपूर्व मजबूती मिली है। दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे का जनता को समर्पित इसी संकल्प का सशक्त उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि इस एक्सप्रेसवे के निर्माण से दिल्ली से देहरादून के बीच की दूरी एवं समय में उल्लेखनीय कमी आएगी, दिल्ली से देहरादून का सफर लगभग आधा हो जाएगा जिससे आवागमन अधिक तीव्र, सुगम एवं सुरक्षित होगा। यह परियोजना न केवल उत्तराखंड बल्कि सम्पूर्ण उत्तर भारत के लिए आर्थिक प्रगति, पर्यटन संवर्धन एवं क्षेत्रीय विकास की नई संभावनाओं को साकार करेगी।

रावत ने कहा कि यह एक्सप्रेसवे राज्य के समग्र विकास, तीव्र गति एवं समृद्धि का नया द्वार सिद्ध होगा। इससे यात्रियों को आधुनिक एवं सुरक्षित परिवहन सुविधा प्राप्त होगी, साथ ही ईंधन की बचत एवं पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का हर नागरिक प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर खासा उत्साहित है तथा उनके स्वागत एवं अभिनंदन के लिए बेहद आतुर भी।

Exit mobile version