दबंगों ने घर में घुसकर युवक पर किया जानलेवा हमला, मां को भी पीटा, दहशत में परिवार
हरिद्वार,अजय नामदेव ,भगवा सनातन टाइम्स
घटना सारांश
जगजीतपुर के राजविहार फेस-01 में 10 जून की रात 40-50 युवकों ने घर में घुसकर राहुल नामक युवक पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला किया। बचाने आई उसकी मां को भी पीटा गया। घटना में दोनों घायल हुए। हमलावरों में सुमित कटारिया, जावेद, नौशाद, उधम, काकी, घोल्ला और सागर शामिल थे। पीड़ितों का जिला अस्पताल में इलाज हुआ। आरोपियों ने आगे भी जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस जांच में जुटी है।
विस्तार में घटना
राजविहार फेस-01, जगजीतपुर में 10 जून की रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां आधी रात के समय एक घर में 40 से 50 हथियारबंद युवकों ने घुसकर एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया और बीच-बचाव में आई उसकी मां को भी बेरहमी से पीटा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला ने बताया कि सुमित कटारिया, जावेद, नौशाद, उधम, काकी, घोल्ला, सागर सहित 40-50 लड़के, सभी निवासीगण जगजीतपुर, जो आपराधिक प्रवृत्ति के हैं, ने पहले से साजिश के तहत यह हमला किया। सभी आरोपित धारदार हथियार, लाठी-डंडे और सरिए लेकर रात लगभग 11:00 से 11:30 बजे के बीच उसके घर पहुंचे और गालियां देते हुए घर में जबरन घुस गए।
घर में घुसते ही उन्होंने महिला के बेटे राहुल को घेरकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। जब मां ने बेटे को बचाने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उस पर भी हमला कर दिया, जिससे महिला भी गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के समय घर में मौजूद बेटियां पिंकी और सोनम तथा दामाद सुमित (निवासी भोगपुर) ने शोर मचाया। पास-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे, तब जाकर हमलावर वहां से भागे। प्रत्यक्षदर्शियों ने घटना की पुष्टि की है कि यह हमला पहले से सोची-समझी साजिश के तहत किया गया।
घटना के तुरंत बाद घायल राहुल और उसकी मां को सुमित उन्हें लेकर पुलिस चौकी जगजीतपुर पहुंचे, जहां से इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में दोनों का मेडिकल परीक्षण और प्राथमिक उपचार किया गया।
पीड़िता का कहना है कि हमलावरों का उसके बेटों राहुल और रवि से पुराना विवाद है और वे पहले भी धमकियां दे चुके हैं। अब वे खुलेआम कह गए हैं कि मौका मिलते ही जान से मार देंगे।
पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और मामले की जांच की जा रही है। इलाके में दहशत का माहौल है और पीड़ित परिवार ने आरोपियों की गिरफ्तारी व सुरक्षा की मांग की है।

