Site icon Bhagwa Sanatan Times

डॉ. अंबेडकर की जयंती पर जागरूकता का संकल्प, विधायक ने कहा– शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो

डॉ. अंबेडकर की जयंती पर जागरूकता का संकल्प, विधायक ने कहा– शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो

हरिद्वार,भगवा सनातन टाइम्स

ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम झिड़ियान, बौगला, बंजरेवाला, अहमदपुर ग्रंट और झिवरेड़ी में संविधान निर्माता बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की 134वीं जयंती बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ ज्वालापुर के विधायक इंजी. रवि बहादुर ने फीता काटकर किया।

विधायक रवि बहादुर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा साहब ने विपरीत परिस्थितियों में शिक्षा प्राप्त की और भारत के पहले कानून मंत्री बनकर संविधान की रचना की। उन्होंने कहा कि बाबा साहब द्वारा बनाया गया संविधान सभी नागरिकों को समान अधिकार देने वाला महान दस्तावेज है, जिसमें विशेष रूप से वंचित और गरीब वर्गों के लिए समुचित प्रावधान किए गए हैं।

विधायक ने सभी को अंबेडकर जयंती की शुभकामनाएं दीं और समाज को उनके आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर क्षेत्र के सभी ग्राम प्रधान, गणमान्य नागरिक, समाजसेवी और बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन देशभक्ति नारों और बाबा साहब के जयकारों के साथ हुआ।

यह आयोजन सामाजिक एकता, समानता और संविधान के मूल्यों को पुनः स्मरण कराने वाला प्रेरणास्रोत बन गया।

Exit mobile version