Site icon Bhagwa Sanatan Times

ज्योतिर्मठ के संस्कृत कॉलेज में पहुंचे सचिव संस्कृत शिक्षा, वेद और ज्योतिष के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं पर दिया जोर

देहरादून:(जीशान मलिक) श्री बदरीनाथ वेद-वेदाङ्ग स्नातकोत्तर संस्कृत महाविद्यालय, ज्योतिर्मठ में आज सचिव, संस्कृत शिक्षा, उत्तराखण्ड शासन का शुभागमन हुआ। उनके साथ सहायक निदेशक एवं खण्ड विकास अधिकारी (बीडीओ) भी उपस्थित रहे।

महाविद्यालय आगमन के दौरान सचिव ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक गतिविधियों एवं अध्ययन से संबंधित विषयों पर चर्चा की। उन्होंने महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. द्रवेश्वर प्रसाद थपलियाल को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों को वेद, ज्योतिष एवं विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति विशेष रूप से जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी पारम्परिक शास्त्रीय शिक्षा के साथ-साथ आधुनिक प्रतिस्पर्धात्मक क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए भी प्रेरित किया जाए, जिससे वे अपने ज्ञान, प्रतिभा एवं कौशल का समुचित विकास कर सकें।

इस अवसर पर महाविद्यालय के सहायक प्रवक्ता प्रदीप पुरोहित, डॉ. आशीष भट्ट जगदीश जोशी एवं डॉ. मनीष देवराड़ी तथा लिपिक सतीश नेगी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त संस्कृत उत्तरमध्यमा विद्यालय, ज्योतिर्मठ के प्रधानाचार्य अरविन्द पंत भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।सचिव के इस भ्रमण से महाविद्यालय में संस्कृत शिक्षा, वेदाध्ययन, ज्योतिष विद्या तथा प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। महाविद्यालय परिवार ने उनके आगमन को विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं सर्वांगीण विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया।

Exit mobile version