Site icon Bhagwa Sanatan Times

जिला मुक्केबाजी टीम का चयन 1 जून को, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की तैयारी तेज

जिला मुक्केबाजी टीम का चयन 1 जून को, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की तैयारी तेज

हरिद्वार, 30 मई 2025 ,भगवा सनातन टाइम्स

आगामी 7 जून से देहरादून में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय जूनियर बालक एवं बालिका मुक्केबाजी प्रतियोगिता के लिए हरिद्वार जिले की टीम का चयन 1 जून को रोशनाबाद स्टेडियम में किया जाएगा। यह जानकारी मुक्केबाजी संघ के अध्यक्ष डॉ. विशाल गर्ग ने दी।

डॉ. गर्ग ने बताया कि चयन प्रक्रिया को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह है और बड़ी संख्या में प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खेलों को बढ़ावा देने के प्रति गंभीर हैं और सरकार द्वारा खिलाड़ियों को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को अपने हुनर को दिखाने का मौका मिल रहा है। मुक्केबाजी संघ भी खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है।

बालिकाओं को लेकर उन्होंने विशेष रूप से कहा कि मुक्केबाजी न केवल एक खेल है, बल्कि आत्मरक्षा का माध्यम भी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को इस खेल में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें। खेलों से शारीरिक ही नहीं बल्कि मानसिक विकास भी होता है।

Exit mobile version