
पिरान कलियर:(जीशान मलिक)हजरत साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स के अवसर पर पिरान कलियर मेले में पिछले चार दिनों से चल रहे फ्री मेडिकल कैंप का शुक्रवार शाम करीब छह बजे विधिवत समापन किया गया। उर्स में देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे जायरीनों के लिए आयोजित किए गए इस निशुल्क चिकित्सा शिविर में बड़ी संख्या में लोगों को चिकित्सकीय परामर्श देने के साथ आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं। चार दिनों तक चले इस कैंप में डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों ने दिन-रात अपनी सेवाएं देकर जायरीनों की मदद की।
फ्री मेडिकल कैंप का आयोजन हाजी शहिद हसन, पूर्व राज्य मंत्री उत्तराखंड सरकार एवं हेल्थ एंड एजुकेशन चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से किया गया था। उर्स के दौरान पिरान कलियर में लगातार बढ़ती जायरीनों की भीड़ को देखते हुए मेले में चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कैंप लगाया गया था। कैंप में दूर-दराज से आने वाले जायरीनों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों पर डॉक्टरों द्वारा जांच कर चिकित्सकीय परामर्श दिया गया और जरूरत के अनुसार निशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।
शुक्रवार को कैंप के समापन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में हाजी शेर अली, पूर्व चेयरमैन सहकारी संघ दौलतपुर एवं नसीम अहमद प्रधान, रहमतपुर ने मेडिकल कैंप में लगातार अपनी सेवाएं देने वाले डॉक्टरों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस दौरान डॉक्टरों की सेवा भावना और उनके द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की गई।
इस आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नसीम अहमद प्रधान ने कहा कि उर्स के दौरान पिरान कलियर में देश के अलग-अलग राज्यों से बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचते हैं। यात्रा के दौरान कई लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे समय में मेले में निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना बेहद महत्वपूर्ण सेवा कार्य है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कैंप में तैनात डॉक्टरों ने दिन-रात कैंप में मौजूद रहकर जायरीनों की समस्याओं को सुना और उनका उपचार किया।उन्होंने कहा कि डॉक्टरों ने बिना किसी भेदभाव के जरूरतमंद लोगों की सेवा की और आवश्यकतानुसार उन्हें दवाइयां भी उपलब्ध कराईं। उन्होंने डॉक्टरों और कैंप से जुड़े सभी लोगों की सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के सेवा कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक हैं।
हेल्थ एंड एजुकेशन चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक डॉ. राशिद ने भी कैंप के सफल संचालन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उर्स जैसे बड़े धार्मिक आयोजनों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता बेहद जरूरी है। ट्रस्ट की ओर से भविष्य में भी जरूरतमंद लोगों तक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के लिए इस तरह के सेवा कार्य जारी रखने का प्रयास किया जाएगा।मेडिकल कैंप के दौरान डॉक्टरों ने जायरीनों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए मौसम और भीड़भाड़ के बीच सावधानी बरतने की सलाह भी दी। बाहर से आने वाले जायरीनों को किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए प्रेरित किया गया।
कैंप के समापन अवसर पर डॉ. राशिद, डॉ. गफ्फार, डॉ. उस्मान, डॉ. सुलेमान सहित अन्य चिकित्सक मौजूद रहे। इस दौरान कैंप में सेवा देने वाले डॉक्टरों एवं सहयोगियों का सम्मान किया गया।
आयोजकों ने कहा कि उर्स के दौरान चार दिनों तक चले इस मेडिकल कैंप का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद जायरीनों को समय पर निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना था। कैंप में डॉक्टरों, सहयोगियों और स्वयंसेवकों ने पूरी जिम्मेदारी के साथ अपनी सेवाएं दीं। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी चिकित्सकों, सहयोगियों, स्वयंसेवकों और प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से कैंप के संचालन में सहयोग करने वाले लोगों का आभार व्यक्त किया।आयोजकों ने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में भी हजरत साबिर पाक के उर्स के दौरान इसी तरह निशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित कर जायरीनों की सेवा की जाएगी।

