
चंपावत:(जीशान मलिक) जनगणना 2027 के दूसरे चरण के तहत जनपद चम्पावत में 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना (Self-Enumeration) की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इस अवधि में नागरिक आधिकारिक पोर्टल पर घर बैठे अपने परिवार के सभी सदस्यों की जानकारी भर सकेंगे।स्व-गणना पोर्टल “se.census.gov.in” (https://se.census.gov.in/)
स्व-गणना का फॉर्म जमा करने पर एक स्व-गणना पहचान संख्या (एसई आईडी) मिलेगी। इसे संभालकर रखें। 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या की गणना करेंगे। जिन परिवारों ने स्व-गणना की है, वे सत्यापन के समय प्रगणक को अपनी एसई आईडी दें।
स्व-गणना कैसे करें
– राज्य और भाषा चुनें। पोर्टल खोलकर राज्य के रूप में उत्तराखण्ड और अपनी सुविधानुसार भाषा चुनें।
– मोबाइल नंबर सत्यापित करें। मोबाइल नंबर और स्क्रीन पर दिख रहा कैप्चा भरें। मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी से सत्यापन करें।
– घर का स्थान दर्ज करें। पोर्टल पर दिखाया गया स्थान सही है तो उसकी पुष्टि करें। जरूरत पड़ने पर मोबाइल की लोकेशन सुविधा का उपयोग करें या मानचित्र पर अपना घर चिह्नित करें।
– परिवार के सभी सदस्यों को जोड़ें। पहले परिवार के मुखिया का पूरा नाम दर्ज करें। इसके बाद अन्य सदस्यों के नाम जोड़ें और मुखिया से उनका संबंध, जन्मतिथि, आयु और वैवाहिक स्थिति जैसी जानकारी भरें।
– हर सदस्य का विवरण पूरा करें। पोर्टल पर पूछे गए प्रश्नों के अनुसार भाषा, शिक्षा, दिव्यांगता, जन्मस्थान, प्रवास और अन्य लागू जानकारी7 भरकर सहेजें। बैंक खातों से संबंधित प्रश्न में खातों की कुल संख्या दर्ज करें।
– जानकारी जांचकर फॉर्म जमा करें। सभी सदस्यों के नाम और विवरण दोबारा जांचें। फॉर्म जमा होने के बाद ऑनलाइन बदलाव की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। प्राप्त एसई आईडी सुरक्षित रखें।
“जानकारी भरते समय ध्यान दें…
– आयु पूरे वर्षों में दर्ज करें। एक वर्ष से छोटे बच्चे की आयु शून्य (0) भरें।
– उच्चतम शैक्षिक योग्यता में अब तक उत्तीर्ण की गई सबसे ऊंची कक्षा या परीक्षा का विवरण दें।
– परिवार के सभी सदस्यों के नाम और आवश्यक विवरण दर्ज होने की पुष्टि करने के बाद ही फॉर्म जमा करें।
किसी भी कठिनाई पर पोर्टल के ‘मदद’ (Help) विकल्प का उपयोग करें।
जनपदवासियों से अपील है कि निर्धारित अवधि में स्व-गणना की सुविधा का लाभ लें और सही व पूरी जानकारी देकर जनगणना को सफल बनाने में सहयोग करें। जनगणना से प्राप्त आंकड़े जनसुविधाओं और विकास योजनाओं की रूपरेखा तैयार करने में सहायक होते हैं।हमारी जनगणना, हमारा विकास। जनगणना से जन कल्याण।

