Site icon Bhagwa Sanatan Times

जनगणना की तैयारियों को लेकर संयुक्त मजिस्ट्रेट ने ली बैठक, दिए निर्देश

रुड़की:(जीशान मलिक) आगामी जनगणना की तैयारियों एवं जनगणना संबंधी गतिविधियों के प्रभावी, सुचारु एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र शेट की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।बैठक में जनगणना तहसीलदार रुड़की, खंड शिक्षा अधिकारी रुड़की, नगर पालिका मंगलौर, पाडली गुर्जर एवं पिरान कलियर के अधिशासी अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के चार्ज अधिकारियों एवं डेटा ऑपरेटरों ने प्रतिभाग किया।

आज की आयोजित बैठक में आगामी जनगणना के अंतर्गत संपादित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों, विभागीय समन्वय, कार्मिकों की भूमिका तथा डेटा संकलन एवं डिजिटलीकरण की प्रक्रिया को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।संयुक्त मजिस्ट्रेट ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके माध्यम से प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं एवं नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने, आवश्यक संसाधनों की समीक्षा करने तथा आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।

बैठक में डेटा ऑपरेटरों को डेटा प्रविष्टि में शुद्धता, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्य संपादित करने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। साथ ही संभावित समस्याओं के त्वरित समाधान और सूचनाओं के समयबद्ध आदान-प्रदान पर जोर दिया गया।

Exit mobile version