Site icon Bhagwa Sanatan Times

चारधाम यात्रा की तैयारी को लेकर एसएसपी नवनीत सिंह सख्त: अपराध गोष्ठी में दिए 13 अहम निर्देश

हरिद्वार:(जीशान मलिक)आगामी चारधाम यात्रा को सकुशल संपन्न कराने और जनपद में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए एसएसपी नवनीत सिंह की अध्यक्षता में मार्च माह की अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। सैनिक सम्मेलन के बाद पुलिस मुख्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में हुई इस बैठक में यात्रा प्रबंधन, अपराध नियंत्रण और फायर सुरक्षा पर विशेष फोकस रहा।

गोष्ठी में एसपी क्राइम/ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी अभय सिंह, एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल समेत सभी राजपत्रित अधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे। एसएसपी ने दो टूक कहा कि “चारधाम यात्रा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसमें कोई कोताही बर्दाश्त नहीं होगी।”

“गोष्ठी के 13 बड़े निर्देश: क्या बोले एसएसपी नवनीत सिंह!

1. यात्रा मार्ग पर 24×7 गश्त: सभी थाना प्रभारी सुनिश्चित करें कि चारधाम यात्रा मार्ग पर गश्त और पैट्रोलिंग टीमें लगातार एक्टिव रहें। दुर्घटना होने पर पीड़ितों को तुरंत मदद मिले।

2. आपसी समन्वय जरूरी: यात्रा बिना आपसी तालमेल के संभव नहीं। सभी ऑफिसर्स आपस में और अन्य विभागों से संवाद कर सहयोग लें।

3. रैंक के हिसाब से जिम्मेदारी: लोअर रैंक से अपर रैंक तक सभी अधिकारियों को यात्रा ड्यूटी में जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। सभी से ‘बेस्ट देने’ की उम्मीद है।

4. ट्रैफिक प्लान सख्ती से लागू हो: एसपी ट्रैफिक चारधाम यात्रा का ट्रैफिक प्लान सही तरीके से लागू कराएं। यात्री वाहनों के दबाव में वैकल्पिक मार्गों का भी इस्तेमाल हो।

5. यात्रा मार्ग पर होर्डिंग्स लगें:जिन स्थानों पर दिशा-दूरी, QR कोड वाले होर्डिंग्स नहीं लगे हैं, वहां तत्काल लगवाए जाएं।

6. ऑपरेशन प्रहार में और तेजी लाएं: अधिकांश थानों का काम अच्छा है, लेकिन एसएसपी को “और बेहतर” की उम्मीद है। गैंगस्टर और पेशेवर अपराधियों की चल-अचल संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई तेज हो।

7. ऑपरेशन मुक्ति पर जोर:A.H.T.U. टीम भिक्षावृत्ति, बालश्रम, कूड़ा बीनने, गुब्बारे बेचने वाले बच्चों को मुक्त कराने के लिए और मेहनत करे।

8.शिकायतों का त्वरित निस्तारण: थानाध्यक्ष साप्ताहिक समीक्षा कर शिकायती पत्रों का तेजी से निस्तारण करें।

9. सड़क दुर्घटना केसों की मॉनिटरिंग: MACT, i-RAD और सोलेशियम स्कीम की कार्रवाई थानाध्यक्ष खुद मॉनिटर करें।

10.फायर स्टेशन अलर्ट मोड पर: गर्मी बढ़ने से आग की घटनाएं बढ़ेंगी। सभी फायर स्टेशन एक्टिव मोड पर आएं। रिस्पांस टाइम से ही जान-माल का नुकसान तय होता है।

11.फायर उपकरण दुरुस्त हों: सभी FSO सुनिश्चित करें कि आग बुझाने के उपकरण चालू हालत में हों। खराब उपकरण रिपेयर कराएं या नए खरीदने के लिए पत्राचार करें।

12.सोशल मीडिया पर नजर: चारधाम यात्रा के दौरान भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।

13.नशा तस्करों पर वार: स्मैक समेत नशा बेचने वालों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई की जाए।

एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि हरिद्वार पुलिस का फोकस “प्रभावी नेतृत्व और उलझे मामलों को सुलझाने” पर है। चारधाम यात्रा देश-दुनिया की नजर में होती है। ऐसे में ट्रैफिक, सुरक्षा, अफवाह और आपदा प्रबंधन – हर मोर्चे पर जीरो एरर होना चाहिए। गोष्ठी के बाद सभी अधिकारियों को अपने-अपने सर्किल में निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। हरिद्वार पुलिस ने यात्रा से पहले ही कमर कस ली है।

Exit mobile version