घोषित हुई द्वितीय व तृतीय केदार के कपाट खुलने की तिथियां
मनन ढींगरा,भगवा सनातन टाइम्स
21 मई को खुलेंगे श्री मद्महेश्वर मंदिर के कपाट, 2 मई को होंगे श्री तुंगनाथ मंदिर के कपाट उद्घाटन
उखीमठ/मक्कूमठ/रुद्रप्रयाग, 14 अप्रैल:
बैशाखी पर्व के पावन अवसर पर उत्तराखंड के पंचकेदारों में से द्वितीय केदार श्री मद्महेश्वर और तृतीय केदार श्री तुंगनाथ मंदिरों के कपाट खुलने की तिथियों की विधिवत घोषणा की गई। यह घोषणा राज्यमंत्री चंडी प्रसाद भट्ट और बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल की उपस्थिति में श्री ओंकारेश्वर मंदिर, उखीमठ और श्री मर्करेटेश्वर मंदिर, मक्कूमठ में आयोजित धार्मिक समारोहों के दौरान की गई।
श्री मद्महेश्वर मंदिर के कपाट 21 मई को खुलेंगे
पंचकेदारों में प्रतिष्ठित द्वितीय केदार श्री मद्महेश्वर मंदिर के कपाट बुधवार, 21 मई को कर्क लग्न में पूर्वाह्न 11:30 बजे विधिवत पूजा-अर्चना के साथ खोले जाएंगे। इस अवसर पर राज्यमंत्री चंडी प्रसाद भट्ट, बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल, अधिशासी अभियंता अनिल ध्यानी, पंचगोंडारी समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। मंदिर समिति के आचार्यों व वेदपाठियों द्वारा पंचांग गणना के पश्चात तिथि घोषित की गई।
श्री तुंगनाथ मंदिर के कपाट 2 मई को खुलेंगे
तृतीय केदार श्री तुंगनाथ मंदिर के कपाट शुक्रवार, 2 मई को पूर्वाह्न 10:15 बजे मिथुन लग्न में खोले जाएंगे। श्री मर्करेटेश्वर मंदिर, मक्कूमठ में आयोजित धार्मिक आयोजन में आचार्य पुजारी विजय भारत मैठाणी ने यह तिथि घोषित की। इस अवसर पर क्षेत्रीय जनता एवं हक-हकूकधारियों की उपस्थिति रही।
यात्रा पूर्व तैयारियों को मिल रही गति
बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने दोनों मंदिरों के कपाट खुलने की तिथि तय होने पर सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएँ दीं। रावल निवास सभागार, उखीमठ में आयोजित यात्रा समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि इस बार यात्रियों की संख्या अधिक रहने की संभावना है, इसलिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने मंदिर समिति कर्मचारियों से यात्रा तैयारियों को तेजी से पूर्ण करने का आग्रह किया। केदारसभा के साथ भी बैठक आयोजित कर योजनाओं की समीक्षा की गई।
डोली यात्रा कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा:
श्री मद्महेश्वर की चल विग्रह डोली यात्रा:
•18 मई: श्री ओंकारेश्वर मंदिर परिसर, उखीमठ में विराजमान
•19 मई: प्रथम पड़ाव – राकेश्वरी मंदिर, रांसी
•20 मई: द्वितीय पड़ाव – गौंडार
•21 मई प्रातः: श्री मद्महेश्वर मंदिर आगमन व कपाट उद्घाटन
श्री तुंगनाथ की चल विग्रह डोली यात्रा:
•30 अप्रैल: मक्कूमठ से भूतनाथ मंदिर तक आगमन
•1 मई: भूतनाथ मंदिर से चोपता तक प्रवास
•2 मई प्रातः: चोपता से श्री तुंगनाथ मंदिर आगमन व कपाट उद्घाटन
धार्मिक आयोजन में रही विशेष सहभागिता
उखीमठ में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल, अधिशासी अभियंता अनिल ध्यानी, सहायक अभियंता गिरीश देवली, केदारसभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, सचिव अंकित सेमवाल, वेदपाठीगण, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी डी.एस. भुजवाण, श्री केदारनाथ धाम प्रभारी अधिकारी यदुवीर पुष्पवान सहित अनेक श्रद्धालु एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
यदुवीर पुष्पवान ने जानकारी दी कि बैशाखी पर्व पर मद्महेश्वर की पुष्प रथ यात्रा भी आयोजित की गई, जिसमें भगवान रथ पर विराजमान होकर मंदिर की परिक्रमा करेंगे और देर शाम तक श्रद्धालुओं को दर्शन देंगे।
वहीं मक्कूमठ में आयोजित श्री तुंगनाथ की तिथि घोषणा के अवसर पर मठापति रामप्रसाद मैठाणी, पूर्व मंदिर अधिकारी भूपेंद्र मैठाणी, मंदिर समिति प्रबंधक बलबीर नेगी, ग्राम प्रधान विजय पाल, क्षेत्र समिति सदस्य जयबीर नेगी सहित बड़ी संख्या में हकहकूकधारी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ द्वारा जानकारी
प्रेस विज्ञप्ति में बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि सभी तीर्थ यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए तैयारियाँ जोरों पर हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अनुरोध किया कि निर्धारित तिथियों पर दर्शन हेतु पधारें और प्रशासन द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करें।

