Site icon Bhagwa Sanatan Times

ग्रामीणों की समस्या सुनने गांव में ही रात बिताएंगे अफसर, देहरादून में शुरू हुई रात्रि चौपाल

देहरादून:(जीशान मलिक) ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने के लिए जिला प्रशासन देहरादून ने अनूठी पहल शुरू की है। अब अधिकारी गांव में जाकर ‘रात्रि चौपाल’ लगाएंगे और रात वहीं बिताकर ग्रामीणों की दिक्कतें सुनेंगे। ‘जन सेवा-जन विश्वास-जन भागीदारी’ के तहत यह पहल शुरू की गई है। इसी क्रम में विकासखंड रायपुर की ग्राम पंचायत थेवा, मालदेवता में पहली रात्रि चौपाल आयोजित हुई। अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने की। उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।

चौपाल में ग्रामीणों ने सिंचाई की टूटी नहर, क्षतिग्रस्त पुलिया, प्राथमिक विद्यालय का जर्जर भवन, धान की फसल में रोग व खरपतवार, जंगली जानवरों से फसल को नुकसान, सड़क निर्माण से जलभराव और स्कूल में पेयजल की समस्या उठाई।सीडीओ ने सिंचाई और लोक निर्माण विभाग को नहर और पुलिया ठीक करने, कृषि विभाग को धान की फसल में रोग की जांच कर नमूना पंतनगर भेजने और जल संस्थान को पेयजल लाइन के रिसाव को तत्काल ठीक करने के निर्देश दिए। विद्यालय के जर्जर भवन के लिए डीपीआर तैयार होने की जानकारी पर उन्होंने बजट प्रक्रिया तेज करने को कहा। वहीं सरखेत गांव के स्कूल में पेयजल समस्या पर मौके पर ही बजट स्वीकृत कर दिया।

उन्होंने कहा कि रात्रि चौपाल का मकसद छोटी-छोटी समस्याओं को गांव में ही निपटाना और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना है।चौपाल से पहले सीडीओ ने आंगनबाड़ी केंद्र, राशन की दुकान और निर्माणाधीन पशु केंद्र का निरीक्षण भी किया। इस दौरान मालदेवता पीएचसी के उच्चीकरण और रेबीज इंजेक्शन उपलब्ध कराने की बात भी सामने आई। उद्यान विभाग ने किसानों को बीज भी बांटे।इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख सरोजिनी, ग्राम प्रधान शैलेंद्र चौहान, डीडीओ सुनील कुमार, बीडीओ मीनाक्षी बहुगुणा सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version