Site icon Bhagwa Sanatan Times

गाड़ियों पर ‘मकड़ा’ का निशान, सड़कों पर हुड़दंग: हरिद्वार पुलिस ने गैंग के गुर्गे को किया गिरफ्तार

हरिद्वार:(जीशान मलिक)सोशल मीडिया पर लाठी-डंडों के साथ हुड़दंग, गाड़ियों पर गैंग के निशान और वायरल वीडियो से चर्चा में आए ‘मकड़ा गैंग’ के खिलाफ श्यामपुर पुलिस ने कार्रवाई और तेज कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस ने गैंग के एक और सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। कोतवाली प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि गुरुवार को पुलिस टीम ने कांगड़ी निवासी वंश चौधरी, 19 साल को गिरफ्तार किया। वंश ‘मकड़ा गैंग’ का सक्रिय सदस्य है और सोशल मीडिया पर गैंग की गतिविधियों को बढ़ावा देने में शामिल था।

पुलिस के मुताबिक ‘मकड़ा गैंग’ के कुछ सदस्यों को पहले भी पकड़ा जा चुका है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है। वंश से पूछताछ में गैंग के बाकी सदस्यों के नाम और ठिकानों के बारे में अहम जानकारी मिली है।पिछले कुछ हफ्तों से हरिद्वार और आसपास के इलाकों में ‘मकड़ा गैंग’ के नाम से कुछ युवाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे थे। इन वीडियो में युवक लाठी-डंडों के साथ सड़कों पर हुड़दंग करते, वाहनों पर गैंग का चिह्न बनाते और दहशत फैलाने वाले रील्स अपलोड करते नजर आ रहे थे।

स्थानीय लोगों की शिकायत और वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने इसे गंभीरता से लिया और ‘ऑपरेशन प्रहार’ शुरू करने के निर्देश दिए। ऑपरेशन का मकसद सोशल मीडिया पर दहशत फैलाने वाले गैंग्स पर नकेल कसना है।कोतवाली प्रभारी नितेश शर्मा ने कहा, “वंश चौधरी से पूछताछ में गैंग के नेटवर्क और बाकी सदस्यों के बारे में कई अहम सुराग मिले हैं। कुछ नाम सामने आए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही पूरे गैंग का खुलासा किया जाएगा।”

पुलिस अब वंश के मोबाइल और सोशल मीडिया अकाउंट खंगाल रही है ताकि गैंग से जुड़े बाकी युवकों तक पहुंचा जा सके। आशंका है कि गैंग में और भी नाबालिग व युवा शामिल हैं।

Exit mobile version