रूड़की:(जीशान मलिक)रूड़की से पिरान कलियर जाने वाले मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जिला अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी के नेतृत्व में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सड़क की दुर्दशा को लेकर सरकार और संबंधित विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि रूड़की से पिरान कलियर जाने वाले महत्वपूर्ण मार्ग पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने सोलानी पुल की सड़क की स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पुल के आसपास सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ है।धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “चीनी चोरी की सरकार नहीं चलेगी” और“रूड़की का विधायक कैसा हो, राजेंद्र चौधरी जैसा हो” जैसे नारे लगाए। इन नारों से प्रदर्शन स्थल और आसपास का क्षेत्र गूंज उठा।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र की बुनियादी जरूरत हैं, लेकिन रूड़की से पिरान कलियर जाने वाले मार्ग की हालत लंबे समय से खराब बनी हुई है। उन्होंने कहा कि इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं और सड़क पर बने गड्ढे दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं।उन्होंने सरकार और संबंधित विभाग से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने तथा सोलानी पुल की जर्जर सड़क को दुरुस्त कराने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़कों की स्थिति में सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए सड़क निर्माण और मरम्मत को लेकर तत्काल कार्रवाई की मांग उठाई।

