
रूड़की:(जीशान मलिक) 84 उत्तराखंड बटालियन एनसी, रुड़की के तत्वावधान में क्वांटम विश्वविद्यालय, मंडावर में दस दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर अनुशासन और उत्साह के साथ चल रहा है।शिविर में कैडेट्स को ड्रिल, हथियार प्रशिक्षण, मैप रीडिंग, फील्ड क्राफ्ट, आपदा प्रबंधन, व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता से जुड़े विषयों का व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
शिविर में पहुंचे क्वांटम विश्वविद्यालय के चेयरमैन अजय गोयल ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि एनसी केवल सैन्य प्रशिक्षण का मंच नहीं है। यह युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रभक्ति, सामाजिक उत्तरदायित्व और आत्मविश्वास विकसित करने वाली सशक्त संस्था है।उन्होंने कहा कि हथियार प्रशिक्षण से कैडेट्स में जिम्मेदारी, एकाग्रता, आत्मसंयम और सुरक्षा संबंधी जागरूकता पैदा होती है जो व्यक्तित्व निर्माण में अहम भूमिका निभाती है।
गोयल ने कहा “आज देश को ऐसे युवा नेतृत्व की जरूरत है जो राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखे। एनसीसी सेवा, समर्पण और चरित्र निर्माण के संस्कार विकसित करती है।”उन्होंने कैडेट्स से हर प्रशिक्षण सत्र में मनोयोग से भाग लेने और अनुशासन का पालन करने का आह्वान किया। गोयल ने 84 उत्तराखंड बटालियन एनसीसी के अधिकारियों, प्रशिक्षण स्टाफ, एएनओ और विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा शिविर के सफल संचालन की सराहना की।उन्होंने विश्वास जताया कि यह शिविर कैडेट्स के व्यक्तित्व विकास और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को और सशक्त बनाएगा।

