Site icon Bhagwa Sanatan Times

कोटद्वार के दीपक के समर्थन में प्रदर्शन: बजरंग दल के गुंडों की गिरफ्तारी की मांग

हरिद्वार:(चीफ एडिटर)हरिद्वार के विभिन्न सामाजिक व क्रांतिकारी संगठनों द्वारा तहशील परिसर में प्रदर्शन कर तहशीलदार के माध्यम से मा.राज्यपाल को ज्ञापन प्रेषित किया गया। ज्ञापन में दीपक और उनके साथियों पर पर लगे फर्ज़ी मुकदमे वापस करने और गुंडागर्दी करने वाले बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की गयी है।

प्रदर्शन में इंक़लाबी मजदूर केंद्र के पंकज कुमार ने कहा कि आज भाजपा आरएसएस से जुड़े संगठनों की खुली गुंडागर्दी से पूरे समाज में साम्प्रदायिक सौहार्द का माहौल लगातार बिगड़ते जा रहा है।पुलिस प्रशासन द्वारा तत्काल हस्तक्षेप न करने से व अराजक तत्वों पर सख्त कानूनी कार्यवाही न करने से इन लम्पटों का हौसला बढ़ रहा है।

क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन के नासीर अहमद ने कहा कि इस पूरे प्रकरण में उत्तराखंड पुलिस का व्यवहार दिखा रहा है कि उसे कानून नहीं बल्कि संघ-भाजपा संचालित कर रहे हैं। बजरंग दल के गुंडे पुलिस की आंखों के सामने खुलेआम उत्पात मचा रहे हैं।भड़काऊ सांप्रदायिक नारे लगा रहे हैं, लेकिन पुलिस पहले चुपचाप यह सब होने दे रही है और फिर बाद में मुकदमा भी 30-40 अज्ञात लोगों पर दर्ज कर रही है। जबकि सभी अपराथियों की पहचान स्पष्ट है। हालांकि, बुजुर्ग वकील अहमद की तहरीर पर नामजद रिपोर्ट भी दर्ज हो चुकी है लेकिन पुलिस ने इसके बावजूद भी बजरंग दल के किसी भी गुंडे को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया है।

जन अधिकार संगठन के कामरेड ओमपाल ने कहा कि संघ-भाजपा अपनी नफरत की राजनीति को परवान चढ़ाते हुये उत्तराखंड को योजनाबद्ध तरीके से हिंदुत्व की नई प्रयोगशाला बनाने पर तुली है। हल्द्वानी, रुद्रपुर,पुरौला रामनगर, नैनीताल अब कोटद्वार में साम्प्रदायिक सौहार्द खत्म किया जा रहा है। भेल मजदूर ट्रेड यूनियन के अवधेश कुमार ने कहा कि कभी ‌लव जिहाद, कभी लैंड जिहाद, यूसीसी ,एस आई आर, आदि के नाम पर अल्पसंख्यकों को निशाना बनाया जा रहा है। धार्मिक स्थलों पर अल्पसंख्यकों का प्रवेश वर्जित भी इनकी इसी घृणित मानसिकता का द्योतक है। किर्बी श्रमिक कमेटी के प्रधान विजेन्द्र ने कहा कि हम सभी समाज के न्याय पसंद लोग मौहम्मद दीपक के साहसिक कदम की सराहना करते है। हम कोटद्वार के दीपक के साथ खड़े रहेंगे।

प्रदर्शन व ज्ञापन की कार्यवाही में‌‌ इंकलाबी मजदूर केंद्र के जय प्रकाश, क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन के महासचिव भूपाल, प्रगतिशील महिला एकता केन्द्र की नीता,जन अधिकार संगठन के कामरेड विश्वजीत, मौहम्मद ज़ौक, इंतजार व किर्बी श्रमिक कमेटी के विजेन्द्र,भेल मजदूर ट्रेड यूनियन के राजकिशोर व सामाजिक कार्यकर्ता एडवोकेट रुप चंद आजाद आदि उपस्थित रहे।

Exit mobile version