Site icon Bhagwa Sanatan Times

कीवी महोत्सव का समापन, खेत में ही किसानों को मिला व्यावहारिक प्रशिक्षण

चम्पावत:(जीशान मलिक) उद्यान विभाग द्वारा आयोजित दो दिवसीय कीवी महोत्सव का समापन बुधवार को गिरी एप्पल एवं कीवी फार्म में व्यावहारिक प्रशिक्षण के साथ हुआ। महोत्सव में किसानों और उद्यान विभाग के तकनीकी कार्मिकों को कीवी उत्पादन की आधुनिक तकनीकें सिखाई गईं।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उच्च मूल्य वाली बागवानी फसलों को बढ़ावा देने की पहल के तहत जिलाधिकारी मनीष कुमार के मार्गदर्शन में 03 और 04 नवम्बर को इस महोत्सव का आयोजन किया गया।

महोत्सव के दूसरे दिन सुबह 7 से 10 बजे तक आयोजित प्रशिक्षण में बागेश्वर के प्रगतिशील कीवी उत्पादक और ‘कीवी मैन’ के नाम से प्रसिद्ध भवान सिंह कोरंगा ने मुख्य प्रशिक्षक के रूप में प्रशिक्षण दिया।उन्होंने खेत में पौधों पर प्रदर्शन कर बेलों की कटाई-छंटाई, देखभाल, उचित पोषण, रोगों और कीटों से बचाव, फलों की तुड़ाई और तुड़ाई के बाद रखरखाव की जानकारी दी। इस दौरान कीवी की खेती कर रहे किसानों के साथ इसे अपनाने के इच्छुक किसानों ने भी भाग लिया और अपने सवालों के जवाब पाए।

जिला उद्यान अधिकारी योगेश भट्ट ने बताया कि खेत में प्रशिक्षण का उद्देश्य किसानों को ऐसी तकनीकें सिखाना है, जिन्हें वे सीधे अपने बगीचों में अपना सकें। उन्होंने कहा कि पौधों की सही देखभाल और वैज्ञानिक विधियों से उत्पादन और फल की गुणवत्ता में सुधार होगा, जिससे किसानों की आय बढ़ेगी।समापन पर जिला उद्यान अधिकारी ने मुख्य प्रशिक्षक भवान सिंह कोरंगा, किसानों और तकनीकी कार्मिकों का आभार व्यक्त किया।

Exit mobile version