Site icon Bhagwa Sanatan Times

कलियर उर्स में चप्पे-चप्पे पर नजर, चार जोन और 13 सेक्टरों में संभालेंगे पुलिसकर्मी मोर्चा

पिरान कलियर:(जीशान मलिक) दरगाह साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स एवं मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को कलियर स्थित हज हाउस में एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ब्रीफिंग कर उर्स के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उर्स में लाखों जायरीनों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मेला क्षेत्र को चार जोन और 13 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन और सेक्टर में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं, ताकि भीड़ को नियंत्रित करने के साथ-साथ जायरीनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए। उन्होंने उठाईगीरों, जेबकतरों, झपट्टामारों, चोरों और अन्य अराजकतत्वों के खिलाफ कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। महिला जायरीनों के साथ छेड़छाड़ अथवा अभद्रता करने वालों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।

उन्होंने पुलिसकर्मियों से ड्यूटी के दौरान जायरीनों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने और जरूरत पड़ने पर उनकी मदद करने को भी कहा। साथ ही किसी भी स्थान पर अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने देने तथा भीड़ नियंत्रण के लिए लगातार सक्रिय रहने के निर्देश दिए।ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ ने भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उर्स की व्यवस्थाओं को लेकर पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि उर्स के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

ब्रीफिंग के दौरान तहसीलदार एवं दरगाह प्रबंधक विकास अवस्थी, सीओ रुड़की ओशिन जोशी, सीओ भगवानपुर सुमित पांडे, सीओ अभिनय चौधरी, कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी, कोतवाल प्रदीप बिष्ट, एसएसआई राजेश बिष्ट, इमलीखेड़ा चौकी प्रभारी शहजाद अली, सुपरवाइजर इंतखाब, लेखाकार सद्दाम सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Exit mobile version