“कई बार कहा, फिर भी नहीं सुनी गई बात” — चंद्रभान सिंह का आरोप
शिवालिक नगर, 20 जुलाई 2025
टिहरी विस्थापित कॉलोनी वार्ड नं. 6 की बदहाली पर पूर्व नामित सभासद, पूर्व भाजपा सदस्य एवं वार्ड 6 सभासद पति चंद्रभान सिंह ने नगर पालिका परिषद शिवालिक नगर के अधिकारियों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
उन्होंने बताया कि वार्ड 6 की वर्तमान सभासद उनकी धर्मपत्नी हैं और बार-बार लिखित एवं मौखिक रूप से शिकायत करने के बावजूद नगर पालिका प्रशासन आंखें मूंदे बैठा है।
दो साल से नहीं हुई श्री देव सुमन पार्क की सफाई
वार्ड नं. 6 में मेन रोड पर स्थित श्री देव सुमन पार्क की हालत बेहद खराब है। चंद्रभान सिंह के अनुसार इस पार्क की सफाई पिछले दो वर्षों से नहीं की गई है। बच्चों का खेल स्थल होने के बावजूद यहां गंदगी का अंबार लगा है, जिससे सांप जैसे जहरीले जीव-जंतु निकलने की संभावना बनी रहती है — यह बच्चों की सुरक्षा के लिए सीधा खतरा है।
स्ट्रीट लाइटें बंद, रात में अंधेरा
वार्ड के कई इलाकों की गलियों में महीनों से स्ट्रीट लाइटें खराब हैं। विशेष रूप से गली नं. A3, A4, A5 और A6 में रात के समय अंधेरा पसरा रहता है। चंद्रभान सिंह का कहना है कि उन्होंने कई बार ईओ और सुपरवाइजर को सूचित किया, लेकिन आज तक कोई मरम्मत कार्य नहीं हुआ।
अधूरा नाली निर्माण बना लोगों की मुसीबत
गली नं. A4 की मुख्य नाली का टेंडर चार महीने पहले हो चुका है, लेकिन निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है। नाली की एक साइड का कार्य हुआ है जबकि दूसरी ओर खुदाई कर छोड़ दी गई है, जिससे आवागमन में भारी कठिनाई हो रही है। स्थानीय लोग रोजाना गिरने और चोट लगने के खतरे से जूझ रहे हैं।
चंद्रभान सिंह ने बताया कि इस मुद्दे पर कई बार ईओ और जेई से शिकायत की गई। जेई मौके पर निरीक्षण भी कर चुका है, लेकिन दो महीने से नाली निर्माण कार्य पूरी तरह ठप पड़ा है।
CM पोर्टल पर भी की गई शिकायत, फिर भी नहीं हुई कोई संपूर्ण कार्रवाई
चंद्रभान सिंह ने बताया कि जब नगर पालिका से कोई समाधान नहीं मिला तो उन्होंने यह शिकायत उत्तराखंड सरकार के CM हेल्पलाइन पोर्टल पर भी दर्ज करवाई।
हालांकि शिकायत दर्ज होने के बाद संबंधित अधिकारियों को इस पर संज्ञान लेने के लिए निर्देशित किया गया, लेकिन आज तक कोई संपूर्ण कार्रवाई नहीं की गई है।
उन्होंने कहा, “CM पोर्टल पर शिकायत के बावजूद जनता को अब तक कोई राहत नहीं मिली है, जिससे लोगों में गहरी नाराजगी है।”
जनहित में की गई मांग
पूर्व सभासद/सभासद पति ने नगर पालिका से मांग की है कि:
- श्री देव सुमन पार्क की जल्द से जल्द सफाई करवाई जाए
- सभी खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कर प्रकाश व्यवस्था बहाल की जाए
- नाली निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कर स्थानीय नागरिकों की परेशानी दूर की जाए
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नगर पालिका प्रशासन ने शीघ्र कार्यवाही नहीं की तो क्षेत्रवासी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

