Site icon Bhagwa Sanatan Times

उर्स से पहले कलियर में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, सड़कें कराई गईं खाली

पिरान कलियर:(जीशान मलिक) दरगाह साबिर पाक के सालाना उर्स मेले को सकुशल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कलियर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस टीम ने कलियर क्षेत्र में अतिक्रमण वाले स्थानों को चिह्नित कर उन्हें अतिक्रमणमुक्त कराने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है।

अभियान के तहत पुलिस टीम ने पिरान कलियर बाजार में कार्रवाई की, जहां कई दुकानदारों द्वारा दुकानों का सामान और अस्थायी दुकानें सड़क तक लगाकर मार्ग को संकरा कर दिया गया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को हटवाया।

कलियर पुलिस की टीम ने पीपल चौक, टंकी चौक, नवाब बाजार, सोहलपुर रोड और दरगाह के मुख्य मार्ग समेत अन्य स्थानों पर अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया। पुलिस की कार्रवाई के बाद सड़कें और आवागमन वाले मार्ग अधिक व्यवस्थित नजर आए।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, उर्स मेले के दौरान बड़ी संख्या में जायरीन और श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और लोगों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने दुकानदारों से सार्वजनिक मार्गों और सड़कों पर अतिक्रमण न करने की अपील की है।

Exit mobile version