Site icon Bhagwa Sanatan Times

उप कारागार रुड़की का औचक निरीक्षण, जनपद न्यायाधीश ने बंदियों से किया सीधा संवाद

रुड़की:(चीफ एडिटर)जनपद न्यायाधीश / अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार नरेंद्र दत्त के नेतृत्व में 4 नवंबर की शाम को उप कारागार रुड़की का औचक निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान बोर्ड ऑफ विजिटर्स के सदस्य जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत भुल्लर, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हरिद्वार ज्योति बाला और सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिमरनजीत कौर उपस्थित रहे। इसके अलावा जनपद के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी निरीक्षण में शामिल हुए।निरीक्षण दल ने जेल की बैरकों, भोजनालय, चिकित्सालय और कार्यशालाओं का गहन अवलोकन किया। इस दौरान जनपद न्यायाधीश ने व्यक्तिगत रूप से बंदियों से संवाद कर उनकी विधिक व अन्य समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुना और जेल प्रशासन को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए बंदियों के कानूनी अधिकारों की रक्षा करने के निर्देश दिए।

जेल बंदियों के रख-रखाव, व्यवस्था और जेल परिसर की स्वच्छता की जनपद न्यायाधीश ने सराहना की। उन्होंने सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को निर्देश दिया कि बंदियों की विधिक समस्याओं पर नियमानुसार विधिक सहायता प्रदान कर आवेदकों को सूचना दी जाए। वहीं जेल अधीक्षक डी.पी. सिन्हा को बंदियों द्वारा दी गई शिकायतों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।अंत में जेल परिसर में बंदियों हेतु संचालित कौशल विकास कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। इस पर और अधिक जोर देने, बंदियों पर कड़ी निगरानी रखने और जेल मैनुअल के नियमों का विधिवत पालन करने की हिदायत दी गई। साथ ही सभी बोर्ड ऑफ विजिटर्स से बंदियों के संपूर्ण विकास हेतु सहयोग व भरसक प्रयास करने का आग्रह किया गया।

Exit mobile version