देहरादून:(जीशान मलिक)मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्य सेवक सदन में 307 नव नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इनमें 243 चिकित्सा अधिकारी, 42 फार्मासिस्ट और उद्यान विभाग के 22 प्रयोगशाला सहायक व मशरूम पर्यवेक्षक शामिल हैं।सीएम धामी ने कहा कि यह नियुक्ति पत्र सिर्फ रोजगार का दस्तावेज नहीं, बल्कि प्रदेश की सवा करोड़ जनता की सेवा का संकल्प पत्र है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्य में डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मी ही जनता की पहली उम्मीद होते हैं। सभी से संवेदनशीलता और समर्पण के साथ काम करने को कहा।
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि आयुष्मान योजना से अब तक 62 लाख से अधिक कार्ड बांटे गए हैं और 12 लाख मरीजों का 2200 करोड़ से ज्यादा का कैशलेस इलाज हुआ है। प्रदेश में 5 मेडिकल कॉलेज चल रहे हैं, 2 निर्माणाधीन हैं। हल्द्वानी में आधुनिक कैंसर संस्थान बन रहा है। देहरादून, हल्द्वानी, श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशियलिटी बढ़ाई जा रही है। दूरस्थ इलाकों के लिए टेलीमेडिसिन और हेली एंबुलेंस सेवा भी शुरू की गई है।
सीएम धामी ने कहा कि कीवी, ड्रैगन फ्रूट, हाई डेंसिटी एप्पल, मशरूम और मधुमक्खी पालन को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाई जा रही है। नए मशरूम पर्यवेक्षक प्रदेश को कृषि नवाचार में नई पहचान दिलाएंगे।मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी भर्तियां पारदर्शी तरीके से हो रही हैं। देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू है। पिछले साढ़े चार साल में 32 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है।स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि नए डॉक्टरों-फार्मासिस्ट से दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मशरूम उत्पादन किसानों की आय का अतिरिक्त स्रोत बनेगा।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, विधायक उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, मेयर सौरभ थपलियाल, सचिव सचिन कुर्वे, डॉ. एस.एन. पाण्डेय समेत विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

