Site icon Bhagwa Sanatan Times

अवैध वन्यजीव कारोबार पर वन विभाग की कार्रवाई, इंडियन स्पॉटेड ईगल के साथ एक गिरफ्तार

देहरादून:(जीशान मलिक) वन्यजीवों की अवैध खरीद-फरोख्त के खिलाफ वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए मालसी रेंज क्षेत्र में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से इंडियन स्पॉटेड ईगल (Indian Spotted Eagle) बरामद किया गया है। विभाग ने बरामद वन्यजीव को अपनी अभिरक्षा में लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।वन विभाग के अनुसार, 1 सितंबर 2026 को मालसी रेंज में मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि बल्लूपुर चौक के समीप एक व्यक्ति द्वारा वन्यजीव संरक्षण अधिनियम-1972 के तहत संरक्षित इंडियन स्पॉटेड ईगल की अवैध खरीद-फरोख्त की जा रही है। सूचना मिलते ही उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद उप वन संरक्षक, देहरादून के निर्देश पर रेंज अधिकारी मालसी के नेतृत्व में वन सुरक्षा दल ने संदिग्ध व्यक्ति के आवास पर छापेमारी की।तलाशी के दौरान आरोपी के घर से इंडियन स्पॉटेड ईगल बरामद किया गया। वन विभाग की टीम ने वन्यजीव को विभागीय अभिरक्षा में लेते हुए आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक जांच में मामला वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के अंतर्गत संरक्षित वन्यजीव के अवैध कब्जे एवं खरीद-फरोख्त से संबंधित पाया गया।

विभाग के मुताबिक, आरोपी के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम-1972 की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। मामले में आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। साथ ही वन्यजीवों के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जांच की जा रही है।प्रभागीय वनाधिकारी देहरादून वैभव कुमार सिंह ने कहा कि वन्यजीवों का अवैध शिकार, कब्जा और खरीद-फरोख्त गंभीर वन्यजीव अपराध है। ऐसे मामलों में विभाग द्वारा कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि वन्यजीव अपराध, अवैध वन्यजीव व्यापार अथवा वन्यजीवों की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी वन विभाग की हेल्पलाइन नंबर 1926 अथवा नजदीकी वन चौकी को दें।

कार्रवाई में वन क्षेत्राधिकारी मालसी शुचि चौहान, वन सुरक्षा दल के सदस्य अजीत, देवेंद्र रावत, अनुज, हरीश सहित क्यूआरटी सदस्यों ने सहभागिता की।

Exit mobile version