Site icon Bhagwa Sanatan Times

अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण अध्यक्ष ने 7 मदरसों और 3 मकतबों का किया निरीक्षण, बिना मान्यता वालों को नोटिस

हरिद्वार:(जीशान मलिक) उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. सुरजीत सिंह गांधी ने मंगलवार को हरिद्वार जिले के बिजौली, नगला इमरती, लादपुर खुर्द, लादपुर कला, ज़ैनपुर एवं मख्याली खुर्द क्षेत्र में संचालित 7 मदरसों और 3 मकतबों का औचक निरीक्षण किया। उनके साथ जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह रावत एवं सहायक अधिकारी बाबी कुमार मौजूद रहे।निरीक्षण के दौरान डॉ. गांधी ने मकतब संचालकों को सख्त निर्देश दिए कि मकतब में आने वाले हर बच्चे का पूरा रिकॉर्ड रखा जाए। मकतब का संचालन विद्यालय के समय में न किया जाए। हर बच्चा किसी न किसी मान्यता प्राप्त स्कूल में नियमित रूप से पढ़ता हो, यह सुनिश्चित किया जाए ताकि उसकी औपचारिक शिक्षा बाधित न हो।

जांच में बिना मान्यता के संचालित मिले मदरसों को नोटिस जारी किया गया। वहीं शिक्षा विभाग से मान्यता प्राप्त लेकिन धार्मिक शिक्षा के लिए प्राधिकरण से संबद्धता न लेने वाले संस्थानों को भी नियमानुसार प्राधिकरण से मान्यता लेने के निर्देश दिए गए। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने पर 5 लाख रुपये तक जुर्माना और संस्थान को सील करने की कार्रवाई की जा सकती है।डॉ. गांधी ने कहा कि जिन संस्थानों की फाइलें शिक्षा विभाग में लंबित हैं, उन पर तत्काल कार्रवाई कर मानक पूरे करने वाले संस्थानों को शीघ्र मान्यता दी जाए।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का संकल्प है कि उत्तराखंड के हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा मिले। प्राधिकरण धार्मिक शिक्षा के साथ-साथ विज्ञान, गणित, अंग्रेजी और तकनीकी शिक्षा का समन्वय कर बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने का काम कर रहा है।

Exit mobile version