हरिद्वार:(चीफ एडिटर) ग्राम पंचायत अजीतपुर स्थित प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के माहौल में संयुक्त रूप से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान प्रखर कश्यप ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में भारत सरकार के पूर्व सेवार्थ कुंवरपाल सिंह चौहान उपस्थित रहे। इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रखर कश्यप ने बच्चों से किया अपना वादा पूरा करते हुए विद्यालय परिसर में नवनिर्मित टिन शेड का लोकार्पण किया।
ग्राम प्रधान ने नवनिर्मित टिन शेड को भारत की प्रथम महिला शिक्षिका एवं समाज सुधारक राष्ट्रमाता सावित्रीबाई फुले को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत का उद्देश्य विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने के साथ-साथ बच्चों को शिक्षा के लिए बेहतर और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी को बेहतर शिक्षा और संसाधन उपलब्ध कराना ग्राम पंचायत की प्राथमिकताओं में शामिल है।कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में बीएचईएल से शेखर कुमार, कुलदीप चौहान, वरिष्ठ पत्रकार अरुण कश्यप,मितेन्द्र सिंह राणा, सतपाल चौहान, डॉ. विजेंद्र सिंह चौहान, मोहित कश्यप, मनीष, सुधीर कश्यप एवं संजय कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इस दौरान दोनों विद्यालयों की प्रधानाध्यापिकाओं, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के समापन पर ग्राम प्रधान प्रखर कश्यप ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। इसके बाद बच्चों को मिष्ठान वितरित किया गया।कार्यक्रम के दौरान पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों और भारत माता के जयघोष से गूंज उठा।

